ट्रैक्टर पलटने से मासूम बच्ची की मौत, कई घायल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के दादर-सिहुड़ी मेन रोड स्थित पुलिया के पास रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर पलट जाने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम छीता पार निवासी रंजीत यादव अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ ग्राम कोठी मेला देखने जा रहे थे। परिवार के सदस्य बिना नंबर के आईसर ट्रैक्टर में सवार थे। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक वाहन को तेज रफ्तार व लापरवाही से चला रहा था। दादर-सिहुड़ी घाट स्थित पुलिया के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में रंजीत यादव की पुत्री रुकमणी यादव ट्रैक्टर के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी रेनू यादव, बेटी रजनी, बहन आरती तथा रिश्तेदार मंजू यादव घायल हो गईं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उमरियापान अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ढीमरखेड़ा पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 281, 125ए और 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।

Post a Comment