*बहोरीबंद: स्टॉप डैम की मेढ़ पर मिला अज्ञात युवक का अधजला शव, हत्या की आशंका*


*बहोरीबंद: स्टॉप डैम की मेढ़ पर मिला अज्ञात युवक का अधजला शव, हत्या की आशंका*


कटनी/आशीष चौधरी : बहोरीबंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत बचैया गांव में सिद्ध बाबा रोड स्थित स्टॉप डैम के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ झाड़ियों के बीच एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ है, जिसे साक्ष्य मिटाने की नियत से जलाने का प्रयास किया गया था।



पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

*घटनास्थल:* सिद्ध बाबा रोड, स्टॉप डैम की मेढ़, ग्राम बचैया।

*समय:* अनुमान है कि हत्या 15 फरवरी 2026 से लगभग 3-4 दिन पहले की गई थी।

*सूचना का समय:* पुलिस को इसकी आधिकारिक जानकारी 17 फरवरी 2026 की रात 12:43 बजे प्राप्त हुई।



प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने युवक की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने और सबूतों को नष्ट करने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया। इसके बाद शव को स्टॉप डैम के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया।



थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया (निरीक्षक) ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भादवि की निम्नलिखित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है:

BNS धारा 103(3), 238 (हत्या और साक्ष्य मिटाना)

भादवि धारा 302, 201

वर्तमान में मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके और आरोपियों तक पहुँचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post