उड़नदस्ता एवं निरीक्षण दल परीक्षा केंद्रों का निरंतर भ्रमण कर रखें निगरानी-कलेक्टर माध्यमिक शिक्षा मंडल के दिशा-निर्देशों का बोर्ड परीक्षाओं में करायें पालन–कलेक्टर

 उड़नदस्ता एवं निरीक्षण दल परीक्षा केंद्रों का निरंतर भ्रमण कर  रखें निगरानी-कलेक्टर


माध्यमिक शिक्षा मंडल के दिशा-निर्देशों का बोर्ड परीक्षाओं में करायें पालन–कलेक्टर


  




कटनी–बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जो दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, उनका अक्षरश: पालन  सुनिश्चित हो। पूरी मुस्तैदी से सभी जरूरी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाय , ताकि दसवीं व बारहवीं बोर्ड की परीक्षायें सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हों ।इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सोमवार को अधिकारियों को दिए।


परीक्षाओं के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पूर्णतः पारदर्शी आयोजन के संबंध में कलेक्टर श्री तिवारी ने एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों और उड़नदस्ता दलों को परीक्षा केंद्रों का सतत् भ्रमण निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।अनुचित साधनों के प्रयोग पर प्रभावी नियंत्रण एवं शिकायतों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।कलेक्टर श्री तिवारी ने परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर समस्त व्यवस्थाएँ पूर्ण हों।


 परीक्षार्थियों हेतु बैठने, प्रकाश, पेयजल, शौचालय व सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


*12वीं की परीक्षा मंगलवार से*


  मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल के तहत हायर सेकेण्ड्री (12वी) की परीक्षायें मंगलवार 10 फरवरी से शुरू होंगीं। इसी तरह हाई स्कूल (10वीं) की परीक्षा 13 फरवरी से शुरू होंगीं। 


 कलेक्टर ने निर्देशित किया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के तहत केन्द्र अध्यक्ष एवं कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि प्रश्न-पत्र का बॉक्स प्राप्त करने के लिये संबंधित पुलिस थाने में हर हाल में प्रात: 6 बजे तक पहुँचेंगे। साथ ही कलेक्टर प्रतिनिधि पुलिस थाने में पहुँचने के बाद सेल्फी लेंगे और उसे निर्धारित एप पर अपलोड करेंगे। इसी तरह परीक्षा केन्द्र पर पहुँचकर सेल्फी अपलोड करना होगी।


कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्देशित किया कि कलेक्टर प्रतिनिधि को परीक्षा के प्रत्येक दिन केन्द्र पर अनिवार्यत: मौजूद रहना होगा। सभी पर्यवेक्षकों को परीक्षा के पहले दिन डेढ़ घंटा पहले और परीक्षा के शेष दिनों में एक घंटा पहले परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होना होगा।


जिले में बोर्ड परीक्षाओं को सुव्यवस्थित एवं नकल रहित सम्पन्न कराने के लिये 10 निरीक्षण दल भी गठित किए गए हैं। इसके अलावा  संबंधित एसडीएम और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी निरंतर परीक्षा केन्द्रों के भ्रमण पर रहेंगे।


*परीक्षार्थियों को प्रात: 8 बजे पहुँचना होगा*


 जिला शिक्षा अधिकारी श्री अग्रहरी ने बताया कि जिले में 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी में केंद्राध्यक्षों और कलेक्टर प्रतिनिधियों की  तैनाती की जा चुकी है।बोर्ड परीक्षाओं में इस बार परीक्षार्थियों को प्रात: 8 बजे तक परीक्षा केन्द्र पर पहुँचना होगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post