तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी बुजुर्ग महिला की जान, सड़क पार करते समय दर्दनाक हादसा


 तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से वृद्धा की मौत, मामला दर्ज


कटनी/आशीष चौधरी: रिठी थाना क्षेत्र में रविवार शाम सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रीठी सिघईया मोहल्ला निवासी एक मजदूर ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 फरवरी 2026 को शाम लगभग 6:45 बजे उसकी दादी श्रीमती प्यारी बाई आदिवासी और छोटी बहन अभिलाषा आदिवासी बंधा डैम के पास स्थित खेत वाले घर की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान तहसील कार्यालय के सामने सड़क पार करते समय कटनी की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक MP09HF4273 के चालक ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए सड़क पार कर रही वृद्धा को टक्कर मार दी।


टक्कर लगते ही प्यारी बाई सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अभिलाषा आदिवासी एवं वहां मौजूद राहगीरों ने भी देखा।


पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post