कटनी के दो युवक 24 पेटी अवैध शराब के साथ सिहोरा में गिरफ्तार
कटनी में खपाने जा रही अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी, दो आरोपी धराए
कटनी/सिहोरा/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :कटनी जिले के भट्टा मोहल्ला निवासी दो युवकों को जबलपुर जिले की सिहोरा पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कार में शराब भरकर कटनी लाने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना विफल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिहोरा थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-30 स्थित खुड़ावल मोड़ के पास देर रात घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से 24 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसे देख पुलिस भी चौंक गई।
पुलिस ने मौके से कार सवार अभय सिंह उर्फ विवेक ठाकुर और ऐजाज अहमद को हिरासत में लिया। दोनों आरोपी कटनी के भट्टा मोहल्ला के निवासी बताए जा रहे हैं।
कार की तलाशी में करीब 2 लाख 14 हजार 200 रुपये कीमत की शराब, 54 हजार 500 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त कार (कीमत लगभग 12 लाख रुपये) जब्त की गई। कुल मिलाकर करीब 14.70 लाख रुपये का मशरुका पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शराब जबलपुर जिले के ग्राम पौड़ा स्थित एक दुकान से खरीदकर कटनी में अवैध रूप से खपाने के लिए ले जा रहे थे।
सिहोरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद कटनी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment