रंगनाथ थाना क्षेत्र में बढ़ती चाकूबाजी से दहशत, प्रभार संभालने के बाद वर्तमान प्रभारी पर उठे सवाल
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :रंगनाथ थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और मारपीट की घटनाओं ने क्षेत्र के अमन पसंद नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध की घटनाएं पहले की अपेक्षा तेजी से बढ़ी हैं, जिससे रहवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
बताया जाता है कि पूर्व में जब रंगनाथ थाना प्रभारी के रूप में नवीन नामदेव पदस्थ थे, तब क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों और गैरकानूनी गतिविधियों पर काफी हद तक लगाम लगी हुई थी। उस दौरान क्षेत्र में अपेक्षाकृत शांति का माहौल बना हुआ था।
लेकिन जैसे ही रंगनाथ थाने का प्रभार नवागत प्रभारी ने संभाला, तब से क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी की चर्चा आम हो गई है। लोगों का आरोप है कि असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो गए हैं और आए दिन मारपीट व चाकूबाजी जैसी वारदातें सामने आ रही हैं।
स्थानीय रहवासियों का यह भी मानना है कि क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा नशे का अवैध कारोबार भी इन घटनाओं की एक बड़ी वजह बन रहा है। आरोप है कि कई स्थानों पर प्रतिबंधित मादक पदार्थ स्मैक, गांजा और अवैध शराब आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे नवयुवाओं में नशे की लत बढ़ रही है और अपराध की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है।
रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इन गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने जिले के पुलिस कप्तान से मांग की है कि इस पूरे मामले में संज्ञान लेते हुए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और फिर से अमन-चैन का माहौल कायम हो सके।

Post a Comment