बिना अनुमति थाईलैंड यात्रा पर गिरेगी गाज, रक्षित निरीक्षक का स्पष्टीकरण खारिज
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी : पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता का एक मामला सामने आया है, जहां जिला कटनी में पदस्थ रक्षित निरीक्षक राहुल पांडे द्वारा बिना विभागीय अनुमति के थाईलैंड की विदेश यात्रा किए जाने पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेजे गए स्पष्टीकरण में निरीक्षक पांडे ने बताया कि उन्होंने आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर विदेश यात्रा के लिए प्रस्थान किया था। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि पुलिस मुख्यालय भोपाल से लिखित अनुमति प्राप्त होने के बाद ही विदेश यात्रा की जा सकती है। साथ ही, उन्होंने भविष्य में नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया है।
हालांकि, विभाग ने इस स्पष्टीकरण को असंतोषजनक माना है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि रक्षित निरीक्षक जैसे वरिष्ठ पद पर कार्यरत अधिकारी से यह अपेक्षा की जाती है कि वह सामान्य अवकाश एवं विभागीय नियमों से भली-भांति परिचित हों। ऐसे में नियमों की जानकारी न होना उचित नहीं माना जा सकता।
निर्देश दिए गए हैं कि बिना अनुमति विदेश यात्रा करने के मामले में संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और इसकी जानकारी संबंधित कार्यालय को अवगत कराई जाए। 12 मार्च 2026 को कटनी पुलिस कप्तान को पुलिस विभाग से जारी पत्र मे उक्त कार्यवाही की बात सामने आई है यह आदेश विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन)द्वारा अनुमोदित किया गया है।

Post a Comment