थाने से चंद कदम दूर चोरी, स्टोर रूम का ताला तोड़ मोटरपम्प ले उड़े चोर
माधवनगर में बेखौफ चोर, पुलिस के नजदीक ही वारदात को दिया अंजाम
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब थाना क्षेत्र के नजदीक ही वारदात को अंजाम देने से भी नहीं डर रहे। ताजा मामला थाना माधवनगर से कुछ ही कदमों की दूरी पर स्थित जागृति पार्क का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक स्टोर रूम का ताला तोड़कर कीमती मोटरपम्प चोरी कर लिया।
जानकारी के मुताबिक समदड़िया कॉलोनी निवासी निरंजन पंजवानी (68) के स्टोर रूम को निशाना बनाते हुए चोरों ने 25 मार्च की रात से 26 मार्च की दोपहर के बीच वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने स्टोर का ताला चटकाया और अंदर रखा 3 एचपी का मोटरपम्प लेकर फरार हो गए। घटना का पता लगने पर इलाके में हड़कंप मच गया।
फरियादी की शिकायत पर माधवनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 268/26 दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) (प्रवेश कर चोरी) और 305(ए) (चोरी) के तहत मामला कायम किया है। चोरी गए मोटरपम्प की कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। वहीं, घटना ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment