*होली पर हास्य-हंगामा, गर्ग चौराहे पर सजेगा अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन*
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । रंगों के पर्व होली के अवसर पर शहर में हास्य और व्यंग्य की फुहारों के बीच ठहाकों की महफिल सजेगी। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी “एक शाम शहीदों के नाम होली हास्य हंगामा” शीर्षक से अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन का आयोजन 5 मार्च को शाम 7 बजे गर्ग चौराहा में किया जाएगा। कवि सम्मेलन नगर के प्रसिद्ध हास्य-व्यंग्य कवि मनोहर मनोज के सानिध्य में तथा कटनी टेंट लाइट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सरावगी के संयोजन में आयोजित होगा।
आयोजकों के अनुसार कवि सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में महिलाओं के बैठने की विशेष व्यवस्था भी की गई है। आयोजन की तैयारियों को लेकर गत दिवस संत नगर स्थित सरावगी सदन में बैठक आयोजित कर समिति का गठन किया गया और सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
*देश के ख्यातिलब्ध कवियों की रहेगी प्रस्तुति*
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के ख्यातिलब्ध हास्य-व्यंग्य कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। मंच पर सुरेश अलबेला, के.के. अग्निहोत्री, अतुल ज्वाला, शायर सूरज राय ‘सूरज’, डॉ. प्रेरणा ठाकरे, काव्या मिश्रा, ईश्वर दास पुरवार, मुकेश त्रिपाठी, वैभव अवस्थी और रामखेलावन गर्ग अपनी काव्य प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों ने नगर के साहित्य प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य कवि सम्मेलन का आनंद लें और आयोजन को सफल बनाएं।

Post a Comment