*छात्र से लूट के बाद FIR के लिए दो दिन तक भटका पीड़ित, उच्च अधिकारियों के दखल के बाद जागा बरही थाना*



*छात्र से लूट के बाद FIR के लिए दो दिन तक भटका पीड़ित, उच्च अधिकारियों के दखल के बाद जागा बरही थाना*

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी :जिले के बरही थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। एक आईटीआई (ITI) छात्र के साथ ई-रिक्शा चालक द्वारा मारपीट और लूटपाट की वारदात सामने आई है। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित को न्याय के लिए दो दिनों तक थाने के चक्कर काटने पड़े, और मामला तब दर्ज हुआ जब हस्तक्षेप उच्च अधिकारियों तक पहुंचा।


*लिफ्ट देने के बहाने सूने रास्ते पर ले जाकर लूटा*

जानकारी के अनुसार, उमरिया जिले के चिल्हारी निवासी 20 वर्षीय सोनू कुशवाहा, जो बरही स्थित विनायक आईटीआई में प्रथम वर्ष का छात्र है, बुधवार शाम करीब 5 बजे अमरपुर तिराहे पर घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था।

इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक ने उसे लिफ्ट दी। छात्र को बिठाने के बाद चालक ने रिक्शा को कनौर रोड की ओर मोड़ दिया। एक सुनसान जगह पर ले जाकर आरोपी ने छात्र के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन व ₹2,300 नगद छीनकर फरार हो गया।


*पुलिस का टालमटोल वाला रवैया*

पीड़ित छात्र लूट की घटना के तुरंत बाद बरही थाने पहुंचा, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय टालमटोल का रवैया अपनाया। पुलिस ने पीड़ित से महज एक सादे कागज पर आवेदन लिया और आश्वासन देकर उसे घर भेज दिया। गंभीर लूट की वारदात के बावजूद दो दिनों तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई। शुक्रवार को जब यह मामला जिले के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया, तब कहीं जाकर बरही पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।


*क्षेत्र में बढ़ रही हैं लूटपाट की घटनाएं*

बरही क्षेत्र में राहगीरों के साथ लूटपाट की घटनाएं अक्सर सामने आती रही हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा ऑटो चालकों के सत्यापन और समय-समय पर चेकिंग के दावे किए जाते हैं, लेकिन इस घटना ने उन दावों की पोल खोल दी है। पीड़ित छात्र ने आरोपी ई-रिक्शा चालक की पहचान भी पुलिस को बताई है।





खबरों के लिए सम्पर्क करे 

9977535212

Post a Comment

Previous Post Next Post