*कटनी में GRP आरक्षक पर हमला: बेलटघाट में आरोपियों की तलाश में पहुंची रेलवे पुलिस, वीडियो वायरल होने से बढ़ा विवाद*
कटनी :कटनी के बेलटघाट क्षेत्र में होली के दूसरे दिन जीआरपी आरक्षक पर हमले का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जीआरपी थाना कटनी में पदस्थ आरक्षक अभिषेक सिंह शाम के समय बिना वर्दी के बेलटघाट क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पेड़ के नीचे बैठे कुछ लोगों को शराब पीने से मना किया, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर अज्ञात लोगों ने आरक्षक अभिषेक सिंह के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गए। घायल अवस्था में आरक्षक ने अपने स्टाफ को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही हमलावर बेलटघाट बस्ती की ओर भाग गए। इसके बाद रेलवे पुलिस ने बस्ती में पहुंचकर आरोपियों की तलाश की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर मामला कोतवाली थाना तक पहुंच गया।
इसी दौरान आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस द्वारा अपशब्द कहने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस पर गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगाए। हालांकि रेलवे पुलिस का कहना है कि उनके आरक्षक के साथ रास्ता रोककर मारपीट की गई थी और बदमाशों की तलाश के दौरान ही यह स्थिति बनी।
मीडिया द्वारा क्षेत्र के कुछ युवकों से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि अज्ञात हमलावर घटना के बाद मौके से भाग गए थे और पुलिस केवल उन्हें ढूंढने के लिए क्षेत्र में आई थी।
घायल आरक्षक अभिषेक सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि अपशब्दों का प्रयोग केवल हमलावर बदमाशों के लिए किया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment