NKJ थाना क्षेत्र में लाखों का जुआ! जुहला-जुहली इलाके में ठिकाना बदल-बदलकर लग रही फड़, पुलिस बनी अनजान
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :कटनी जिले के NKJ थाना क्षेत्र में इन दिनों बड़े पैमाने पर जुए के फड़ संचालित होने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार जुहला-जुहली क्षेत्र में जुआरियों द्वारा लगातार स्थान बदल-बदलकर लाखों रुपये का जुआ खिलाया जा रहा है। कार्रवाई से बचने के लिए जुए की बैठकों का ठिकाना बार-बार बदला जा रहा है, जिससे पुलिस के लिए पकड़ पाना मुश्किल बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक यहां जुआरियों की भीड़ लगी रहती है और एक ही रात में लाखों रुपये की हार-जीत हो रही है। क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही भी बढ़ गई है, जिससे आसपास के रहवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
हैरानी की बात यह बताई जा रही है कि इतनी बड़ी गतिविधियों के बावजूद क्षेत्रीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग रही, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो इलाके में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
वहीं सूत्रों की मानें तो इस जुए के संचालन की सूचना कटनी पुलिस अधीक्षक (SP) तक भी पहुंचा दी गई है। अब देखना यह होगा कि मामले में पुलिस प्रशासन कब संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है।

Post a Comment