18 लाख की जमीन पर बवाल: निर्माण करने पहुंचे खरीदार का हाथ तोड़ा, दोनों पक्ष अस्पताल में भर्ती कई शिकायतों के बाद भी नहीं जागी कोतवाली पुलिस, जमीन विवाद मारपीट में बदला


 

18 लाख की जमीन पर बवाल: निर्माण करने पहुंचे खरीदार का हाथ तोड़ा, दोनों पक्ष अस्पताल में भर्ती


कई शिकायतों के बाद भी नहीं जागी कोतवाली पुलिस, जमीन विवाद मारपीट में बदला



कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । शहर के कटनी के कोतवाली थाना अंतर्गत गायत्री नगर वार्ड क्रमांक 21 में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 18 लाख रुपये में खरीदी गई जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करने पहुंचे खरीदार पर हमला कर दिया गया, जिसमें उसका हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं।

जानकारी के अनुसार, राम खिलावन कुशवाहा ने कुछ माह पूर्व खसरा नंबर 1478/54/8 की जमीन करीब 18 लाख रुपये में (1596 वर्ग फुट )खरीदी थी। शनिवार को जब वे उक्त जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करने पहुंचे, तभी दूसरे पक्ष के दीपक कछवाहा ने जमीन पर स्टे होने का दावा करते हुए विरोध किया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई।

मारपीट के दौरान राम खिलावन के हाथ में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दूसरे पक्ष के दीपक कछवाहा भी घायल हुए हैं और उनका भी इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस जमीन को लेकर पिछले कई महीनों से कोतवाली थाना में शिकायतें दी जा रही थीं, लेकिन पुलिस द्वारा समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि प्रारंभिक स्तर पर विवाद का समाधान कर लिया जाता, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को हुई घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post