मेमू ट्रेन में अवैध वेंडरों का आतंक: धारदार हथियार से हमला, बकलेहटा स्टेशन पर एक घंटे तक रुकी ट्रेन
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :कटनी से बीना जा रही मेमू ट्रेन (संख्या 61620) शनिवार शाम अचानक हिंसा का अखाड़ा बन गई, जब ट्रेन के भीतर अवैध वेंडरों और यात्रियों के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोप है कि वेंडरों ने धारदार हथियारों से यात्रियों पर हमला कर दिया। घटना के चलते ट्रेन रीठी थाना क्षेत्र के बकलेहटा स्टेशन पर करीब एक घंटे तक खड़ी रही, जिससे यात्रियों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन कटनी से रवाना होने के कुछ ही देर बाद सालीया के अवैध वेंडरों और दमोह के यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में कहासुनी तक सीमित यह विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि वेंडरों ने न केवल यात्रियों के साथ मारपीट की, बल्कि धारदार वस्तु से हमला कर एक-दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शाम करीब 7:30 बजे जब ट्रेन बकलेहटा स्टेशन पहुंची, तब स्थिति और अधिक बिगड़ गई। हमले से आक्रोशित कुछ युवक ट्रेन से उतरकर सीधे इंजन में घुस गए, जिससे ट्रेन चालक को सुरक्षा कारणों से ट्रेन रोकनी पड़ी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिससे स्टेशन परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही उत्पात मचाने वाले असामाजिक तत्व अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें डायल 112 की सहायता से तत्काल रीठी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस सुरक्षा के बीच करीब एक घंटे की देरी से रात 8:30 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कटनी से आरपीएफ और जीआरपी की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और ट्रेनों में अवैध वेंडिंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खबरों के लिए सम्पर्क
8989601972

Post a Comment