8 माह बाद भी अधूरा काम, NKJ थाना के पास बनी मल्टी के रहवासी परेशान
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :
शहर के एनकेजे थाना क्षेत्र के समीप बनी मल्टी में पिछले आठ माह से चल रहे विद्युत कार्यों की सुस्त रफ्तार ने रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। दो दर्जन से ज्यादा पीड़ितों के द्वारा आज नगर निगम कटनी मे पहुंच कर अपनी समस्या बताई व एक लिखित आवेदन पत्र भी सौपा है जिसमे बताया गया कि समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे आक्रोशित रहवासी अपनी शिकायत लेकर नगर निगम पहुंचे।
पीड़ितों का आरोप है कि विद्युत ठेकेदार द्वारा कार्य तानाशाही तरीके से कराया जा रहा है। मल्टी में चल रहा विद्युत कार्य अत्यंत धीमी गति से हो रहा है और आठ माह बीत जाने के बाद भी काम पूरा नहीं हो पाया है। वर्तमान में महज 4-5 मजदूरों के भरोसे काम चल रहा है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि कार्य पूरा होने में अभी और कई महीने लग सकते हैं। रहवासियों का कहना है कि उनके लिए एक-एक दिन भी भारी पड़ रहा है।
रहवासियों ने यह भी बताया कि कार्य के दौरान पानी सप्लाई की पाइपलाइन को लगभग 20 स्थानों पर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। मरम्मत के नाम पर पाइपलाइन को अस्थायी रूप से ढक दिया गया, जिसके कारण आज भी कई जगहों पर पानी का रिसाव जारी है। यह कार्य नगर निगम कर्मचारियों की मौजूदगी में किया गया, जो सवाल खड़े करता है।
इसके अलावा मल्टी परिसर की सड़कों और नालियों को खोदकर पुनः ठीक तरीके से बहाल नहीं किया गया है। खुदाई से निकले मटेरियल से ही सतह को ढक दिया गया, जिससे नालियों और चैंबरों में गिट्टी व डस्ट भर गई है। परिणामस्वरूप नालियां जाम हो चुकी हैं और आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
नगर निगम अधिकारियों से शिकायत करने पर रहवासियों को जवाब मिला कि "सरकारी काम में समय लगता है", लेकिन इस जवाब से लोग संतुष्ट नहीं हैं। पीड़ितों ने मांग की है कि संबंधित ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई करते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए और मूलभूत सुविधाएं बहाल की जाएं।
गौरतलब है कि कुछ माह पहले भी इसी समस्या को लेकर रहवासियों ने धरना-प्रदर्शन किया था। उस समय अधिकारियों द्वारा आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया गया था, लेकिन अब तक हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है


Post a Comment