अंशकालीन कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी बनाने की मांग, संघ ने सौंपा ज्ञापन


 

अंशकालीन कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी बनाने की मांग, संघ ने सौंपा ज्ञापन

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । अंशकालीन कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा कटनी ने शुक्रवार को शासन के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने अपनी एक सूत्रीय मांग में वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए त्वरित निर्णय की अपेक्षा जताई है।

संघ के मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 अप्रैल को भोपाल स्थित प्रधान शाखा के निर्देश पर यह ज्ञापन माननीय मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री, मध्य प्रदेश शासन के नाम संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल को सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत अंशकालीन कर्मचारी पिछले 20 से 22 वर्षों से निरंतर सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक दैनिक वेतनभोगी का दर्जा नहीं मिल सका है।

संघ ने बताया कि ये कर्मचारी नियमित कर्मचारियों की तरह ही जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, बावजूद इसके उन्हें कोषालय के माध्यम से मजदूरी आवंटन बजट के तहत सीमित वेतन का भुगतान किया जाता है। बढ़ती महंगाई के इस दौर में अल्प वेतन के कारण उनके लिए परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।

संघ ने शासन से मांग की है कि अंशकालीन कर्मचारियों की इस समस्या का सहानुभूतिपूर्वक निराकरण करते हुए उन्हें दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी की श्रेणी में शामिल किया जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय संगठन प्रचार सचिव पूर्णेश उइके, उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, नीलेश पौराणिक, अजीमुद्दीन शाह, मनोज श्रीवास, अमृत लाल दुबे, भगीरथ तिवारी, चंद्रमोहन गणेशन पिल्लई, रामपाल सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post