मंदिरों में नहीं थम रहीं चोरी की वारदातें, लगातार घटनाओं से चोरों के हौसले बुलंद
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । शहर में मंदिरों को निशाना बनाकर हो रही चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक के बाद एक सामने आ रहे मामलों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं।
ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां शहर के व्यस्ततम इलाके निगम गली स्थित दक्षिण मुखी काली मंदिर (वीनस होटल के सामने) में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए वारदात को अंजाम दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्रार्थी मयंक दुबे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुसे और माता रानी का चांदी का मुकुट तथा सोने की नथ चोरी कर ले गए। चोरी गए जेवरातों की कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है।
शहर के बीचों-बीच स्थित मंदिर में हुई इस घटना से स्थानीय श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है।
इधर, कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इन वारदातों पर कब तक लगाम लगा पाती है।

Post a Comment