फोटो खिंचवाकर भूल गए जिम्मेदारी, जल गंगा अभियान बना दिखावा?
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार :जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान की जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। एक ओर जिले में लापरवाही बरतने पर उपयंत्री पर कार्रवाई की गई, वहीं दूसरी ओर नगर निगम कटनी के अंतर्गत कटाई घाट पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली सवालों के घेरे में है।
अभियान के दौरान अधिकारियों द्वारा श्रमदान और सफाई के बड़े-बड़े दावे किए गए। कैमरे के सामने साफ-सफाई करते हुए तस्वीरें खिंचवाई गईं और अखबारों में सुर्खियां भी बटोरी गईं। लेकिन अब जब हकीकत पर नजर डालें तो स्थिति जस की तस बनी हुई है। कटाई घाट की नदी आज भी गंदगी से अटी पड़ी है, मानो अभियान केवल कागजों और फोटो तक ही सीमित रह गया हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभियान के नाम पर केवल दिखावा किया गया। न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही नदी के संरक्षण के लिए कोई ठोस प्रयास दिखाई दे रहे हैं। इससे साफ है कि जिम्मेदारों ने अपनी भूमिका केवल औपचारिकता तक सीमित कर ली है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कोई कार्रवाई होगी, या फिर यह अभियान यूं ही फोटोबाजी और खानापूर्ति तक सीमित रह जाएगा?
खबरों व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे
9977535212
8989601972

Post a Comment