ऊँट के मुँह में जीरा: बड़े खनन माफियाओं पर नरमी, दिखावटी कार्रवाई में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त


 


ऊँट के मुँह में जीरा: बड़े खनन माफियाओं पर नरमी, दिखावटी कार्रवाई में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले में अवैध खनन के विरुद्ध सख्ती के दावे एक बार फिर प्रश्नों के घेरे में हैं। एक ओर जहाँ बड़े खनन माफियाओं पर कार्रवाई को लेकर खनिज विभाग की चुप्पी चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर छोटी-मोटी कार्रवाई कर विभाग अपनी सक्रियता दर्शाने में लगा है। हाल ही में की गई कार्रवाई में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर विभाग ने औपचारिकता पूरी कर ली, जिसे जानकार “ऊँट के मुँह में जीरा” जैसी कार्रवाई बता रहे हैं।

कलेक्टर के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स द्वारा अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान अवश्य संचालित किया जा रहा है, किंतु जमीनी स्थिति कुछ और ही संकेत दे रही है। नगर निगम क्षेत्र में स्थित बंद पड़ी पुरानी लेटराइट खदानों से अवैध मलबा उठाए जाने की शिकायत मिलने पर खनिज अमला सक्रिय हुआ और दो दिनों की निगरानी के उपरांत एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया।

रविवार, 13 अप्रैल की प्रातः लगभग 6 बजे की गई इस कार्रवाई में बिना वैध अभिलेखों के खनिज परिवहन करते वाहन को चिन्हित किया गया। टीम को देखते ही चालक ने मलबा खाली कर भागने का प्रयास किया, किंतु लगभग 5 किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षा की दृष्टि से माधवनगर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं होमगार्ड के कर्मचारियों की भूमिका रही, किंतु प्रश्न यह उठता है कि जिले में लंबे समय से सक्रिय बड़े खनन गिरोहों पर आखिर कब प्रभावी कार्रवाई होगी। जानकारों का मत है कि इस प्रकार की छिटपुट कार्रवाइयों से न तो अवैध खनन पर अंकुश लग पाएगा और न ही माफियाओं में वास्तविक भय उत्पन्न होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post