कटनी को मिला प्रांतीय प्रतिनिधित्व, लघु वेतन कर्मचारी संघ में दो पदाधिकारी मनोनीत
कटनी/आशीष चौधरी/ । मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ में कटनी जिले को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। जिला शाखा से दो पदाधिकारियों को प्रांतीय समिति में स्थान मिलने से संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
संघ के मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 अप्रैल 2025 को भोपाल स्थित कर्मचारी भवन, गीतांजलि चौराहा में प्रांतीय प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रांताध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने की, जिसमें संघ के विधान में संशोधन, नवीन कार्यकारिणी का गठन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों के त्वरित निराकरण, कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक सदस्य जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही नियमित, स्थाई, दैनिक वेतनभोगी, अंशकालीन, आंगनवाड़ी, आशा-ऊषा कार्यकर्ता, कोटवार एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को उनके कार्य अनुसार शासकीय लाभ दिलाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
इसी क्रम में कटनी जिले के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके को प्रांतीय संगठन एवं प्रचार सचिव तथा अजय गौतम को उप प्रांताध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया गया। दोनों की नियुक्ति को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
नव नियुक्त पदाधिकारियों के चयन पर संघ के प्रांतीय व जिला पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। संगठन में इस नियुक्ति को लेकर उत्साह और उम्मीद का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment