नामी भोजनालयों में शाम ढलते ही शराबखोरी, बार जैसा माहौल तैयार शाम ढलते ही सज जाती महफिल, भोजनालयों में खुलेआम परोसी जा रही शराब



बस स्टैंड के नामी भोजनालय बने ‘मिनी बार’, बिना लाइसेंस छलक रहे जाम

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । कोतवाली थाना अंतर्गत शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित कुछ नामी भोजनालय इन दिनों नियमों को ठेंगा दिखाते नजर आ रहे हैं। बस स्टैंड पुलिस चौकी के पीछे संचालित इन प्रतिष्ठानों में शाम ढलते ही माहौल पूरी तरह बदल जाता है। दिन में जहां ये सामान्य भोजनालय के रूप में संचालित होते हैं, वहीं रात होते-होते यहां खुलेआम शराबखोरी का दौर शुरू हो जाता है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इन भोजनालयों के निचले और ऊपरी दोनों हिस्सों में शराब पीने वालों की भीड़ लग जाती है। टेबलों पर भोजन के साथ-साथ शराब परोसने की पूरी व्यवस्था मौजूद है, जिससे यह स्थान किसी लाइसेंसी बार जैसा प्रतीत होता है। खास बात यह है कि यह सब बिना किसी वैध अनुमति के संचालित हो रहा है।

बताया जा रहा है कि इन प्रतिष्ठानों की ‘सेटिंग’ इतनी मजबूत है कि यहां जांच या कार्रवाई की नौबत तक नहीं आती। कोतवाली थाना क्षेत्र में आने के बावजूद पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, सूत्र बताते हैं कि पूर्व में एक बार पूर्व थाना प्रभारी आशीष शर्मा द्वारा यहां दबिश दी गई थी, लेकिन उसके बाद फिर से वही स्थिति कायम हो गई।

हैरानी की बात यह है कि ये भोजनालय बस स्टैंड पुलिस चौकी से पीछे महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित हैं, इसके बावजूद यहां रोजाना नियमों की अनदेखी हो रही है। शाम होते ही ये भोजनालय ‘मिनी बार’ में तब्दील हो जाते हैं, जहां बिना लाइसेंस शराब परोसने का कारोबार खुलेआम जारी है।

अब सवाल यह उठता है कि आखिर जिम्मेदार विभाग इस ओर कब ध्यान देगा और अवैध रूप से संचालित इस गतिविधि पर कब कार्रवाई होगी।




खबरों के लिए सम्पर्क करे 

9977535212

8989601972


Post a Comment

Previous Post Next Post