ट्रक चालक की संदिग्ध मौत से सनसनी, हाईवे किनारे वाहन में मिला शव—हत्या की आशंका
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम छपरा स्थित रजा मार्बल के पास शनिवार को एक ट्रक चालक की संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से हड़कंप मच गया। हाईवे के किनारे खड़े वाहन के भीतर इस तरह शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस इसे हत्या से जोड़कर देख रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राकेश दाहिया (42 वर्ष), निवासी लखराम मोहल्ला, वार्ड नंबर 14, खितौला (सिहोरा) के रूप में हुई है। राकेश जबलपुर की एक स्वराज माजदा गाड़ी (क्रमांक MP 20 GA 6242) का चालक था।
परिजनों ने बताया कि राकेश 10 अप्रैल 2026 को गाड़ी लेकर कटनी गया था। वहाँ से बिलहरी जाकर उसने वाहन में मटके लोड किए और जबलपुर के लिए रवाना हुआ। इसके बाद रास्ते में उसके साथ क्या अनहोनी हुई, इसकी जानकारी फिलहाल किसी को नहीं है।
स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया कि 10 अप्रैल की देर रात लगभग 2 बजे NHI के माध्यम से सूचना मिली थी कि रजा मार्बल के पास एक संदिग्ध वाहन खड़ा है। पुलिस जब मौके पर पहुँची, तो वाहन के भीतर चालक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर शव का पंचनामा तैयार किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
खून से सनी रॉड: एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के अनुसार, घटनास्थल से लगभग 200 मीटर की दूरी पर एक रॉड बरामद हुई है, जिस पर खून के निशान मिले हैं।
शारीरिक चोटें: मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जो किसी हमले की ओर इशारा करते हैं।
*फिंगरप्रिंट टीम*: विशेषज्ञ टीम द्वारा वाहन की बारीकी से जांच की गई है ताकि आरोपियों का सुराग लग सके।
एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। मौत के सही कारणों और स्थिति का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, मौके की स्थिति और बरामद साक्ष्यों के आधार पर इसे हत्या का संदिग्ध मामला मानकर विवेचना की जा रही है।

Post a Comment