खनिज विभाग की अनदेखी: कटनी में खुलेआम अवैध खनन, प्रशासन की चुप्पी पर उठे बड़े सवाल विजयराघवगढ़ क्षेत्र के पढ़रेही–जमुआनि में महीनों से जारी खेल

 

खनिज विभाग की अनदेखी: कटनी में खुलेआम अवैध खनन, प्रशासन की चुप्पी पर उठे बड़े सवाल

विजयराघवगढ़ क्षेत्र के पढ़रेही–जमुआनि में महीनों से जारी खेल

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पढ़रेही और ग्राम जमुआनि इन दिनों अवैध खनन के बड़े केंद्र बनते जा रहे हैं।सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार यहां दिन-दहाड़े भारी मशीनों और दर्जनों डंपरों के माध्यम से लाइमस्टोन पत्थर का उत्खनन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग मानो आंखों पर “काली पट्टी” बांधकर बैठा हुआ है। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि खनिज विभाग के अधिकारी इस पूरे मामले से अनभिज्ञ हैं या फिर जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अवैध उत्खनन बिना किसी वैध लीज के नए-नए स्थानों पर किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर खनन नियमों का उल्लंघन है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना कई संदेहों को जन्म देता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिलसिला पिछले कई महीनों से लगातार जारी है, लेकिन प्रशासन की ओर से केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।

मौके से सामने आए फोटो और वीडियो इस बात की पुष्टि करते हैं कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खनन हो रहा है। भारी संख्या में डंपरों की आवाजाही और मशीनों की लगातार गूंज यह संकेत देती है कि यह कोई छोटा-मोटा कार्य नहीं, बल्कि एक संगठित नेटवर्क के तहत संचालित अवैध कारोबार है। इससे शासन को लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इतने बड़े स्तर पर चल रहे इस अवैध खेल के बावजूद खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता लगातार सवालों के घेरे में है। यह महज लापरवाही है या फिर किसी स्तर पर मिलीभगत—यह सवाल अब आमजन के बीच चर्चा का विषय बन चुका है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद कोई ठोस सुनवाई नहीं होती। अधिकारियों की टीम कभी-कभार मौके पर पहुंचती जरूर है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। इससे अवैध खनन में लिप्त लोगों के हौसले और भी बुलंद होते जा रहे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो यह न केवल पर्यावरण के लिए घातक साबित होगा, बल्कि सरकारी खजाने को भी भारी नुकसान पहुंचाता रहेगा। लगातार हो रहे खनन से क्षेत्र की जमीन खोखली होती जा रही है, जिससे भविष्य में बड़े हादसों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

अब बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन इस पूरे मामले में गंभीरता दिखाएगा या फिर “काली पट्टी” बांधकर चुप्पी साधे रहेगा? जनता को जवाब भी चाहिए और ठोस कार्रवाई भी।




वही सूत्रों पर विश्वास करे तो RTO कटनी के द्वारा एक लोड ट्रक MP19HA5975 (दस चका )को  पकड़ा गया है.






खबरों के लिए हमे सम्पर्क करे 


9977535212

8989601972


Post a Comment

Previous Post Next Post