ट्रैक पर मौत या साजिश? मुड़वारा स्टेशन के पास युवक की लाश से उठे कई सवाल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :शहर के मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह का मंजर किसी फिल्मी सस्पेंस से कम नहीं था। रेलवे ट्रैक पर पड़ी एक युवक की लाश ने इलाके में सनसनी फैला दी। देखते ही देखते भीड़ जुटी, और फिर शुरू हुआ सवालों का सिलसिला—ये हादसा है या फिर किसी साजिश का अंजाम?
मृतक की पहचान 26 वर्षीय इंद्रजीत पटेल, निवासी ग्राम जरवाही (माधव नगर थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। इंद्रजीत दो दिन पहले घर से एक खुशी के कार्यक्रम में शामिल होने निकला था, लेकिन वापस लौटा तो सिर्फ एक खबर बनकर।
परिजनों के मुताबिक, 21 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे इंद्रजीत घर से निकला था। उसे एनकेजे थाना क्षेत्र के ग्राम जुहला में रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होना था। सब कुछ सामान्य था, लेकिन रात बीत गई और इंद्रजीत घर नहीं लौटा। चिंता बढ़ी, तलाश शुरू हुई—और फिर गुरुवार सुबह एक ऐसी सूचना मिली जिसने पूरे परिवार को तोड़ दिया।
मुड़वारा स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर इंद्रजीत का शव पड़ा मिला। खबर मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। दुख के बीच एक बड़ा सवाल उनके सामने खड़ा था—क्या ये महज हादसा है या फिर किसी ने साजिश रची?
परिजनों का साफ कहना है कि इंद्रजीत पूरी तरह सामान्य हालत में कार्यक्रम में गया था, ऐसे में उसकी मौत संदिग्ध है। उन्होंने सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
उधर, सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर लिया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है—चाहे वह हादसा हो या फिर किसी साजिश की परतें।
फिलहाल, मुड़वारा का यह मामला कई अनसुलझे सवाल छोड़ गया है। जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे—लेकिन तब तक, एक परिवार अपने बेटे की मौत को हादसा मानने को तैयार नहीं है।
खबरों के लिए सम्पर्क करे
8989601972
9977535212

Post a Comment