*पुलिस और डॉक्टर की मिलीभगत से निर्दोषों को झूठे केस में फंसाने का आरोप, एसपी से शिकायत*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :। जिले के स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम सिहुंडी से भ्रष्टाचार और खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के निवासी सुनील कुमार सपेरा और रामनाथ सपेरा ने पुलिस अधीक्षक (SP) कटनी को आवेदन सौंपकर स्लीमनाबाद थाने के एक उपनिरीक्षक (SI) और एक डॉक्टर पर मिलीभगत कर झूठा प्रकरण दर्ज करने का गंभीर आरोप लगाया है।
यह है पूरा मामला..
पीड़ितों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, गांव के ही सोहननाथ सपेरा और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते प्रभा बाई सपेरा के मकान पर पथराव किया था। मामला थाने पहुंचने पर पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाकर वापस भेज दिया। आरोप है कि इसके बाद सोहननाथ ने पीड़ितों से ₹10,000 की मांग की और पैसे न देने पर दूसरे दिन फिर पथराव शुरू कर दिया।
*SI और डॉक्टर पर मिलीभगत के आरोप*
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि स्लीमनाबाद थाने में पदस्थ एस.आई. जुबेर अली ने सोहननाथ के साथ मिलकर सांठगांठ की। आरोप के मुताबिक, डॉ. शिवम दुबे से सेटिंग कर एक "झूठी फ्रैक्चर रिपोर्ट" तैयार करवाई गई, जबकि घटना के वक्त सुनील सपेरा वहां मौजूद ही नहीं था। पीड़ितों का कहना है कि एस.आई. ने न केवल उनका नाम जबरन एफआईआर में शामिल किया, बल्कि उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की।
*उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार*
पीड़ितों ने बताया कि वे सीधे-सादे लोग हैं और उन्हें कानून के जाल में फंसाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी प्रतिलिपि आईजी जबलपुर, डीजीपी भोपाल और मानवाधिकार आयोग को भी भेजी गई है। पीड़ितों ने मांग की है कि एस.आई. जुबेर अली और डॉ. शिवम दुबे के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि निर्दोषों को न्याय मिल सके।

Post a Comment