कटनी रेलवे स्टेशन पर नवजात का शव मिलने से सनसनी, ट्रैक पर पड़ी पोटली ने उजागर की अमानवीयता
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : कटनी रेल गलियारों से शुक्रवार सुबह एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया। कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 के ट्रैक पर एक अज्ञात नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय जब सफाई कर्मचारी और रेल अधिकारी प्लेटफॉर्म नंबर 5 के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर रेलवे ट्रैक पर पड़ी एक पोटलीनुमा वस्तु पर पड़ी। संदेह होने पर जब पास जाकर देखा गया, तो उसमें एक नवजात शिशु का शव मिला। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तुरंत जीआरपी (Government Railway Police) और मेडिकल टीम को सूचित किया। मौके पर पहुंची जीआरपी टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नवजात की शिनाख्त नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे वहां किसने और कब छोड़ा।
जीआरपी थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। प्लेटफॉर्म नंबर 5 सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि इस अमानवीय कृत्य के जिम्मेदार तक पहुंचा जा सके।
इस घटना ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज की संवेदनहीनता को भी उजागर किया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इस संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल सूचना दें।
खबरों व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे
8989601972,
9977535212

Post a Comment