खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश.. पन्ना तिराहा के होटल सत्कार कैफे में औचक निरीक्षण, गंभीर अव्यवस्थाएं उजागर


 खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश..



पन्ना तिराहा के होटल सत्कार कैफे में औचक निरीक्षण, गंभीर अव्यवस्थाएं उजागर





कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी — कलेक्टर  के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को पन्ना तिराहा स्थित होटल सत्कार कैफे एंड रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान होटल में कई गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिस पर संचालक अंशुल जैन को सुधार सूचना पत्र जारी किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।


जांच के दौरान पाया गया कि होटल में कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र एवं प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं थे। साथ ही पेस्ट कंट्रोल से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई।


निरीक्षण में यह भी सामने आया कि किचन में कार्यरत कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड का पालन नहीं कर रहे थे और उन्होंने कैप एवं एप्रन नहीं पहन रखे थे, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है।


टीम ने गुणवत्ता में संदेह के आधार पर पनीर, दही, दूध एवं स्वीट कॉर्न के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिए हैं। नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने के प्रति सख्त संदेश गया है।





Post a Comment

Previous Post Next Post