तेज रफ्तार हाईवा का कहर: बस स्टैंड के पास खड़ी ई-ऑटो को मारी टक्कर, किशोरी की मौत, पांच घायल


 

तेज रफ्तार हाईवा का कहर: बस स्टैंड के पास खड़ी ई-ऑटो को मारी टक्कर, किशोरी की मौत, पांच घायल

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :जिले के बहोरीबंद क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बस स्टैंड के पास खड़ी एक इलेक्ट्रिक ऑटो को तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डिहुँटा निवासी ऑटो चालक देवसिंह यादव ने बहोरीबंद थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी इलेक्ट्रिक ऑटो बस स्टैंड के पास खड़ी थी। इसी दौरान डिहुँटा जाने के लिए दीक्षा यादव, साक्षी यादव और पूजा बर्मन अपने बच्चों निहाल व चित्रांश के साथ ऑटो में सवार हुईं। तभी सिहोरा की ओर से गिट्टी से भरा हाईवा (क्रमांक MP 66 H 1553) तेज रफ्तार और लापरवाही से आया और ऑटो को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में बैठे सभी लोग सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस हादसे में 17 वर्षीय साक्षी यादव (पिता सरमन यादव), निवासी बहोरीबंद, ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि साक्षी अपने मामा के यहां डिहुँटा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा उसके जीवन की आखिरी यात्रा बन गया।

घटना के बाद बहोरीबंद थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हाईवा चालक रामविश्वास यादव, निवासी रीवा, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। जरूरत है कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।





कटनी संवाददाता :8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post