टीईटी अनिवार्यता खत्म करने की मांग को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन कलेक्ट्रेट के बाहर संयुक्त मोर्चा का धरना


 टीईटी अनिवार्यता खत्म करने की मांग को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन

कलेक्ट्रेट के बाहर संयुक्त मोर्चा का धरना



कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : अध्यापक/शिक्षक संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश के बैनर तले बुधवार को बड़ी संख्या में शिक्षक कटनी कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर एकत्रित हुए और अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने शासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।


संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता को समाप्त करने और सेवा अवधि की गणना नियुक्ति दिनांक से किए जाने की प्रमुख मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से सौंपा जावेगा ।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा प्रदेश के नॉन-टीईटी शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, जो कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की अधिसूचना और माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के विपरीत है। ज्ञापन में बताया गया कि 3 सितंबर 2001 के पूर्व एवं पश्चात नियुक्त शिक्षकों सहित वर्ष 2011 से 2014 के बीच नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट का प्रावधान पहले से ही है।


इसके बावजूद विभागीय आदेशों के माध्यम से शिक्षकों पर टीईटी उत्तीर्ण करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे शिक्षकों में मानसिक तनाव की स्थिति बन रही है। संयुक्त मोर्चा ने इन आदेशों को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।


शिक्षकों ने ज्ञापन में यह भी मांग रखी कि प्रदेश के लगभग डेढ़ लाख शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए और उनकी सेवा अवधि की गणना प्रथम नियुक्ति दिनांक से की जाए, ताकि पेंशन, ग्रेच्युटी, अवकाश नगदीकरण सहित अन्य वैधानिक लाभ सुनिश्चित हो सकें।


संयुक्त मोर्चा ने उम्मीद जताई है कि शासन इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए न्यायोचित निर्णय लेगा और शिक्षकों को राहत प्रदान करेगा।




कटनी संवाददाता :9977535212

Post a Comment

Previous Post Next Post