श्रेय लेने की मची होड़… जल कर पर चक्रवृद्धि ब्याज खत्म होगा या बढ़ेगा विवाद? एमआईसी की अनुशंसा, सदन की मोहर बाकी


 श्रेय लेने की मची होड़…

जल कर पर चक्रवृद्धि ब्याज खत्म होगा या बढ़ेगा विवाद? एमआईसी की अनुशंसा, सदन की मोहर बाकी


कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :नगर निगम कटनी में इन दिनों जल कर पर लगाए जा रहे चक्रवृद्धि ब्याज को लेकर सियासत और श्रेय लेने की होड़ तेज हो गई है। लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर विरोध झेल रही निगम व्यवस्था अब इसे खत्म करने की दिशा में बढ़ती दिख रही है, लेकिन अंतिम फैसला अभी अधर में है।


जानकारी के अनुसार, जल कर पर चक्रवृद्धि ब्याज वसूली के खिलाफ समाजसेवी इंद्रा मिश्रा, नगर निगम अध्यक्ष तथा आम आदमी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा लगातार आवाज उठाई जा रही थी। इस संबंध में कई बार पत्राचार और विरोध प्रदर्शन भी किए गए, जिसके बाद मामला प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता से लिया गया।


नगर निगम के उपायुक्त ने बताया कि जल कर पर लगाए जा रहे चक्रवृद्धि ब्याज को समाप्त करने का प्रस्ताव एमआईसी (मेयर इन काउंसिल) की बैठक में रखा गया, जहां इस पर सहमति जताते हुए अनुशंसा कर दी गई है। हालांकि, इस निर्णय पर अंतिम मुहर अब निगम के सामान्य सभा (सदन) की बैठक में लगना बाकी है।


इधर, जैसे-जैसे यह प्रस्ताव आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे अलग-अलग पक्ष इसे अपनी उपलब्धि बताने में जुट गए हैं। राजनीतिक गलियारों में श्रेय लेने की प्रतिस्पर्धा साफ नजर आ रही है, जिससे यह मुद्दा अब राहत से ज्यादा प्रतिष्ठा का विषय बनता जा रहा है।


अब सबकी नजर निगम सदन की बैठक पर टिकी है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो शहरवासियों को बड़ी राहत मिल सकती है। वहीं, अगर इसमें देरी या संशोधन होता है, तो यह विवाद और गहरा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post