कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को शहर में भव्य आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश अजाक्स संघ जिला शाखा कटनी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
जिला महासचिव पूर्णेश उइके द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोपहर 1 बजे मुख्य रेलवे स्टेशन कटनी से विशाल रैली का शुभारंभ हुआ। यह रैली सुभाष चौक, झंडा बाजार, आजाद चौक और मिशन चौक से होते हुए माधवनगर गेट के सामने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मैदान पहुंची। रैली के दौरान “जय भीम, जय संविधान, बाबा साहब अमर रहें” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
रैली के समापन के बाद आयोजित मंचीय कार्यक्रम में संभागीय संयुक्त सचिव अरविंद सिंह पेंड्रो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह धुर्वे ने की, जबकि क्रांति कुंवर सिंह, मृत्युंजय सिंह, तोडर सिंह, ओमप्रकाश सकतेल, मनोज कोरी, विजय पटेल, अजय गोटियां, अरविंद टेकाम, चंद्रभान बौद्ध, राहुल भैया, मनीषा धुर्वे एवं एडवोकेट जेपी चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समानता, शिक्षा, न्याय, नारी सशक्तिकरण और विश्व बंधुत्व के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अजाक्स संघ के साथ गोंडवाना सामाजिक उत्थान समिति, कोल ट्राइबल फाउंडेशन, अखिल भारतीय सफाई कर्मचारी संघ, ट्रेड यूनियन, जयस, भारतीय युवा शक्ति संगठन, कोयतूर गोंड महासभा, भीम आर्मी और ओबीसी महासभा सहित कई संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
आयोजन का सफल संचालन तहसील अध्यक्ष अमित कुंडे ने किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Post a Comment