संकरी गली में ज्वलनशील कबाड़ का भंडारण, निगम की सख्त कार्रवाई—हादसे से पहले हटाया खतरा
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :
ग्रीष्म ऋतु में लगातार बढ़ते तापमान और उससे बढ़ती अग्नि दुर्घटनाओं की आशंकाओं के मद्देनजर नगर पालिक निगम कटनी अब पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी सतर्कता के तहत मिशन चौक स्थित मजार गली क्षेत्र में निगम के अतिक्रमण अमले ने एक कबाड़ व्यवसायी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह के अनुसार, निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित कबाड़ व्यवसायी द्वारा बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री—जैसे प्लास्टिक, कागज, रबर एवं अन्य अपशिष्ट—का अव्यवस्थित तरीके से भंडारण किया गया था। यह क्षेत्र संकरी गलियों और घनी आबादी वाला होने के कारण किसी भी समय आग लगने की स्थिति में भयावह दुर्घटना का कारण बन सकता था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से कबाड़ सामग्री जब्त कर उसे एमएसडब्ल्यू प्लांट भिजवाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र को संभावित खतरे से राहत मिली। साथ ही संबंधित व्यवसायी को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि भविष्य में आबादी से दूर ही कबाड़ का भंडारण करें और अग्नि सुरक्षा के सभी नियमों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सार्वजनिक सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ जुर्माना सहित कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने शहर के सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में ज्वलनशील सामग्री का सुरक्षित और व्यवस्थित भंडारण करें, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित रखें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें, ताकि शहर को सुरक्षित और दुर्घटना मुक्त बनाया जा सके।

Post a Comment