नशेड़ी ड्राइवर की लापरवाही: पलटी कचरा गाड़ी, बाल-बाल बचे लोग
शराब के नशे में चालक ने पलटी MSW गाड़ी, बड़ा हादसा टला
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर में लापरवाही और नियमों की अनदेखी का एक और मामला सामने आया है, जहाँ शराब के नशे में धुत चालक ने MSW (ठोस अपशिष्ट) कचरा वाहन चलाते हुए न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में डाल दी। घटना मंगलवार को विश्राम बाबा क्षेत्र के पास हुई, जहाँ तेज और अनियंत्रित रफ्तार में चल रही कचरा गाड़ी अचानक पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालक शराब के नशे में था और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। गाड़ी ठेले वालों के बीच से गुजरते हुए बाल-बाल टकराने से बची, लेकिन कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा पलटी। घटना के समय क्षेत्र में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि वाहन क्रमांक MP 21 ZK 9093 का चालक ओमकार नामक था, जो नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हादसे में चालक तो सुरक्षित बच गया, लेकिन हेल्पर को हाथ और शरीर में चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल को बाहर निकाला।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और बाद में क्रेन की मदद से वाहन को गड्ढे से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने इस तरह की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि नगर में कचरा वाहनों के संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन आखिर कब सुनिश्चित किया जाएगा।

Post a Comment