जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने कटनी पुलिस की व्यापक रात्रि कांबिंग गश्त
115 वारंटी गिरफ्तार, निगरानी बदमाशों और गुंडा तत्वों पर पुलिस की सख्त नजर
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में कटनी पुलिस द्वारा 9 एवं 10 मई 2026 की दरम्यानी रात व्यापक रात्रिकालीन कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिलेभर में फरार, आदतन अपराधियों, वारंटियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में एसडीओपी विजयराघवगढ़ धीरेन्द्र धार्वे एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा सहित जिले के 15 थाना प्रभारियों ने 150 से अधिक पुलिस बल के साथ मैदान में उतरकर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 115 स्थाई, गिरफ्तारी एवं जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं 88 से अधिक निगरानी बदमाशों एवं सूचीबद्ध गुंडों की सघन चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया और आवश्यकतानुसार कड़ी चेतावनी दी गई।
कांबिंग गश्त के दौरान प्रमुख कार्रवाई
पुलिस द्वारा विभिन्न न्यायालयों से जारी 58 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 30 स्थाई वारंटियों को भी पकड़ने में सफलता मिली। इसके अलावा 46 गुंडा बदमाशों के निवास स्थलों पर पहुंचकर जांच की गई तथा 42 निगरानी बदमाशों के घरों पर अचानक दबिश देकर सत्यापन किया गया।
कांबिंग गश्त के दौरान तीन जिला बदर अपराधियों की भी चेकिंग की गई। वहीं विभिन्न क्षेत्रों से आए 36 मुसाफिरों का सत्यापन कर मुसाफिर रजिस्टर में इंद्राज किया गया।
कटनी पुलिस ने जिले के सभी बैंक, एटीएम एवं वित्तीय संस्थानों की रात्रिकालीन जांच की। इसके साथ ही कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन, मुड़वारा स्टेशन, सलैया स्टेशन एवं बस स्टैंड पर विशेष निगरानी रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
अभियान के दौरान अवैध शराब परिवहन, विक्रय एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं जुआ एक्ट के तहत एक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने 27 जमानती वारंट एवं 60 सम्मन भी तामील किए। रात्रि वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले सात चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई, जबकि अन्य धाराओं में 85 चालान बनाए गए।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धारा 170 बीएनएसएस के तहत नौ आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत 74 प्रकरणों में 79 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई तथा धारा 129 बीएनएसएस के तहत 16 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कटनी पुलिस द्वारा आदतन अपराधियों के डोजियर भी अपडेट किए गए तथा उन्हें भविष्य में आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कांबिंग गश्त एवं विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Post a Comment