अमेहटा प्लांट के सामने भीषण सड़क हादसा, मनीष सिंह और पूरन सिंह की मौतकैमोर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान हुई दो युवकों की मौत

 


तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत, कैमोर थाने में मामला दर्ज

कटनी : कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेहटा प्लांट के सामने तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों मृतक मनीष सिंह और पूरन सिंह 29 अप्रैल 2026 की रात करीब 7:30 बजे ग्राम बडारी से मोटरसाइकिल क्रमांक MP21ML9288 से रिश्तेदारी में ग्राम जमुनिया जाने के लिए निकले थे। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच अमेहटा प्लांट के सामने ट्रक क्रमांक UP95T2226 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी चश्मदीद साक्षी अंकित दीक्षित द्वारा परिजनों को दी गई। घायलों को पहले विजयराघवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया।

उपचार के दौरान मनीष सिंह पिता बलराम सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी बडारी की मृत्यु 30 अप्रैल को रात 2:05 बजे हो गई, जबकि पूरन सिंह पिता पंडा सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी बडारी ने सुबह 5:10 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जिला अस्पताल पुलिस चौकी से प्राप्त मर्ग सूचना के आधार पर कैमोर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा ट्रक चालक के विरुद्ध धारा 281, 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post