तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एसीसी कर्मी की मौत, कैमोर पुलिस ने दर्ज किया मामला


 

तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एसीसी कर्मी की मौत, कैमोर पुलिस ने दर्ज किया मामला

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी : कैमोर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो वाहन की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम बिहरा कला थाना बदेरा का निवासी है और खेती-किसानी का कार्य करता है। उसका छोटा भाई कमलेश श्रीवास्तव एसीसी फै्ट्री कैमोर में कार्यरत था। कमलेश विवाहित था तथा उसके एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।

बताया गया कि 9 मई 2026 की रात करीब 11 बजे कमलेश अपनी मोपेड क्रमांक MP21MR8954 से ड्यूटी करने एसीसी फैक्ट्री कैमोर के लिए निकला था। रात करीब 12 बजे ग्राम भरेवा निवासी अरविंद पटेल ने फोन कर सूचना दी कि संडे मार्केट स्थित डॉक्टर मोहिता दीक्षित के घर के सामने मेन रोड पर सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक MP19ZG0214 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से कमलेश मोपेड सहित सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल शासकीय अस्पताल विजयराघवगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में बोलेरो चालक की लापरवाही सामने आने पर पुलिस ने धारा 281, 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post