मोबाइल हैक कर खाते से रकम उड़ाने वाला शातिर उत्तराखण्ड से गिरफ्तार
बहन की शादी के लिए जमा किए थे 3 लाख, साइबर ठगों ने खाते से पार की रकम
कटनी : साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोबाइल फोन हैक कर खाते से करीब 2 लाख 96 हजार रुपए ऑनलाइन उड़ाने वाले आरोपी को पुलिस ने उत्तराखण्ड से गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को मोतीबाग माई नदी निवासी आशीष गौतम ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उसका पंजाब नेशनल बैंक, शहडोल शाखा में खाता है, जो मोबाइल नंबर से लिंक था और उसी नंबर से फोन-पे संचालित किया जाता था। खाते में करीब 3 लाख रुपए बहन की शादी के लिए जमा थे, जिन्हें अज्ञात साइबर अपराधियों ने अलग-अलग समय पर ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिया।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 269/26 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान बैंक ट्रांजेक्शन की पड़ताल में सामने आया कि खाते से 2 लाख 96 हजार रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए गए हैं।
इसके बाद साइबर सेल की मदद से संबंधित खाताधारकों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। पुलिस को पता चला कि संदिग्ध खातों का संचालन अलग-अलग राज्यों से किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय को विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए।
निर्देश के पालन में चौकी प्रभारी खिरहनी उपनिरीक्षक किशोर कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम दिल्ली और उत्तराखण्ड रवाना हुई। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने उत्तराखण्ड के उधमसिंह नगर जिले के कौशलपुर निवासी गुरमीत सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर आशीष गौतम के खाते से धोखाधड़ी कर रकम ट्रांसफर करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर कटनी लाकर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
गुरमीत सिंह पिता दर्शन सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम कौशलपुर, जिला उधमसिंह नगर, उत्तराखण्ड।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक किशोर कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक नवीन नामदेव, आरक्षक उमाकांत तिवारी, लोकेन्द्र सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक सतेन्द्र सिंह, चंदन प्रजापति और अमित श्रीपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment