तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो घायल, कोतवाली थाने में मामला दर्ज
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर कार चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी का काम करता है और अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने रिश्तेदार अंजना काछी के साथ मंगल नगर आया हुआ था। शादी समारोह समाप्त होने के बाद दोनों रेलवे स्टेशन जाने के लिए मंगल नगर से ऑटो में बैठकर निकले थे।
बताया गया कि नीरज टाकीज के पास ऑटो रुकवाकर दोनों किराना दुकान से सामान लेने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान दाहिनी ओर से तेज गति से आ रही कार क्रमांक MP-09-CZ-7553 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कुछ दूरी पर जाकर रुक गया।
घटना में शिकायतकर्ता को कमर एवं दाहिने हाथ में चोट आई, जबकि अंजना काछी के दाहिने पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद ऑटो चालक महेंद्र एवं किराना दुकान संचालक ऋतिक ने घटना देखी। बाद में ऑटो चालक दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गया।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment