तेज रफ्तार लोडर ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर घायल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुडेहरा पुलिया के पास शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोहास निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसका भाई श्रीचंद यादव अपने दोस्त साहिल साहू के साथ मोटरसाइकिल से दूध लेकर कटनी जा रहा था। सुबह करीब 9 बजे जब वह मुडेहरा पुलिया के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे लोडर क्रमांक MP21ZC1845 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद दोनों युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल ऑटो से जिला अस्पताल कटनी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद श्रीचंद यादव की गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर रेफर कर दिया, जबकि साहिल साहू का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
घटना में श्रीचंद यादव को मुंह, कान, सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं साहिल साहू भी घायल हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लोडर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
खबरों के लिए सम्पर्क :8989601972
9977535212

Post a Comment