चाका–पीर बाबा बायपास में नियमों को ताक पर रखकर प्लाटिंग, प्रशासन मौन कटनी में प्रशासनिक ढिलाई या संरक्षण? कृषि भूमि पर धड़ल्ले से कट रहे प्लॉट


 

कटनी में अवैध प्लाटिंग पर मेहरबानी? कृषि भूमि पर बस रही नियमों की अनदेखी वाली कॉलोनियां

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :शहर में अवैध प्लाटिंग का खेल लगातार फैलता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की चुप्पी अब कई सवाल खड़े करने लगी है। नगर के चाका–पीर बाबा बायपास क्षेत्र में कृषि भूमि पर नियम विरुद्ध तरीके से बड़े स्तर पर प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भू-माफिया खुलेआम कृषि भूमि को काटकर प्लॉट बेच रहे हैं, जबकि प्रशासनिक अमला मूकदर्शक बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पीर बाबा बायपास स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक बड़े नाले को पाटकर प्लाटिंग की गई है। जिस भूमि का उपयोग खेती के लिए होना चाहिए था, वहां बिना वैधानिक अनुमति के कॉलोनी विकसित किए जाने की चर्चा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में यहां जल निकासी और अन्य बुनियादी समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं।

मामले को लेकर कटनी एसडीएम, तहसीलदार और नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि अवैध प्लाटिंग जैसे गंभीर मामलों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे भू-माफियाओं के हौसले और बढ़ते जा रहे हैं। शहर में कई स्थानों पर कृषि भूमि का स्वरूप बदलकर प्लॉट काटे जा रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति दिखाई देती है।

नगर निगम की भूमिका को लेकर भी नागरिकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जहां प्रशासन को अवैध निर्माण और प्लाटिंग पर सख्ती दिखानी चाहिए, वहां जिम्मेदार अधिकारी केवल औपचारिकताओं और फोटो सेशन तक सीमित नजर आ रहे हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जिला प्रशासन इस पूरे मामले में कोई ठोस कार्रवाई करेगा या फिर कटनी में कृषि भूमि पर इसी तरह अवैध प्लाटिंग का खेल चलता रहेगा।






खबरों के लिए सम्पर्क :8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post