बारदाने के संकट से ठप हुई गेहूं खरीदी, चार दिनों से परेशान किसान उपार्जन केंद्र में तौल बंद, नोडल अधिकारी के गायब रहने पर उठे सवाल


 

बारदाने के संकट से ठप हुई गेहूं खरीदी, चार दिनों से परेशान किसान

उपार्जन केंद्र में तौल बंद, नोडल अधिकारी के गायब रहने पर उठे सवाल

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । जिले के गेहूं उपार्जन केंद्रों की जमीनी हकीकत एक बार फिर सामने आई है। प्राथमिक कृषि साख समिति केंद्र क्रमांक-2, श्री गुरु कृपा वेयर हाउस उपार्जन केंद्र धुरी (56442093) में पिछले चार दिनों से बारदाने की कमी के चलते गेहूं खरीदी पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। खरीदी बंद होने से दर्जनों किसान अपनी उपज लेकर केंद्र पर परेशान बैठे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता किसानों की मुश्किलें बढ़ा रही है।

उपार्जन केंद्र प्रभारी हरी साहू ने बताया कि केंद्र में बारदाना समाप्त हो जाने के कारण खरीदी कार्य रोकना पड़ा है। उन्होंने बताया कि करीब 60 से 70 किसानों की उपज केंद्र परिसर में पड़ी हुई है और तौल नहीं हो पा रही है। अब तक केंद्र में लगभग 24 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है, लेकिन बारदाने की आपूर्ति नहीं होने से पूरा काम प्रभावित हो गया है।

किसानों का आरोप है कि कई दिनों से न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचा और न ही नोडल अधिकारी की कोई जानकारी मिल रही है। किसान अंकुर अग्निहोत्री ने बताया कि उनकी उपज 7 मई से केंद्र में रखी हुई है, लेकिन अब तक तौल नहीं हो सकी। किसानों को सिर्फ बारदाना खत्म होने का हवाला दिया जा रहा है।

वहीं उपार्जन केंद्र के जिम्मेदार नोडल अधिकारी उमेश बागरी के लगातार अनुपस्थित रहने को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। किसानों का कहना है कि यदि समय पर निरीक्षण और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जातीं तो उन्हें इस तरह परेशान नहीं होना पड़ता।

बारदाने की कमी और अधिकारियों की लापरवाही के चलते किसानों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अब किसानों को इंतजार है कि प्रशासन कब व्यवस्था दुरुस्त कर खरीदी कार्य दोबारा शुरू कराएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post