कोतवाली थाना क्षेत्र में तड़के सेंधमारी, मोबाइल शोरूम से 5 लाख के 50 स्मार्टफोन चोरी
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी :शहर के व्यस्ततम इलाके और कोतवाली थाना क्षेत्र में तड़के सुबह हुई बड़ी चोरी की वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बरही रोड स्थित एक प्रतिष्ठित मोबाइल शोरूम को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाश लाखों रुपये के स्मार्टफोन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बरही रोड स्थित अग्रवाल मोबाइल शोरूम में रविवार तड़के करीब 4 बजे चोरी की यह वारदात हुई। बदमाश बेहद शातिर तरीके से दुकान के भीतर दाखिल हुए और सीधे महंगे स्मार्टफोन पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 50 स्मार्टफोन चोरी हुए हैं, जिनकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की जानकारी दुकान संचालक प्रफुल्ल अग्रवाल को सुबह लगी। दुकान की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
चोरों ने वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाश मोबाइल के डिब्बे साथ ले जाने के बजाय दुकान के भीतर ही बॉक्स खोलते गए और केवल हैंडसेट अपने साथ ले गए। इससे वे कम समय में ज्यादा मोबाइल लेकर आसानी से फरार हो सके। दुकान में जगह-जगह खाली डिब्बे बिखरे मिले।
मामले की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए हैं। फुटेज में करीब 6 संदिग्ध युवक नजर आए हैं, जो वारदात के दौरान दुकान के आसपास सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।
शहर के बीचोंबीच हुई इस बड़ी चोरी ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से कारोबारियों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। फिलहाल कोतवाली पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
खबरों के लिए संपर्क :9977535212
8989601972

Post a Comment