तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत उबरा टोल प्लाजा के पहले मैहर रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज जबलपुर के निजी अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मुंगवानी निवासी शिकायतकर्ता अपने पुत्र पवन कोल के साथ 9 अप्रैल 2026 को ग्राम धनवाही बदेरा रिश्तेदारी में गया था। शाम के समय दोनों मोटरसाइकिल क्रमांक MP-54-ZC-5275 से वापस अपने गांव लौट रहे थे। बाइक शिकायतकर्ता चला रहा था, जबकि पीछे उसका पुत्र पवन कोल बैठा था।
बताया गया कि जैसे ही वे उबरा टोल प्लाजा के पहले मैहर रोड पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP-21-ZG-5084 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठा पवन कोल सड़क पर जा गिरा और उसके चेहरे, जबड़े तथा दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक भी मौके पर गिर पड़ा।
घायल पवन कोल को तत्काल बरही अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर कटनी रेफर किया गया। बाद में उसे जबलपुर स्थित मेडीजोन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि इलाज में व्यस्त होने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


Post a Comment