*नगर निगम की लापरवाही से मदन मोहन चौबे वार्ड बेहाल*
*अतिक्रमण और अधूरा नाला निर्माण बना नागरिकों के लिए बड़ी समस्या*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :कटनी शहर के मदन मोहन चौबे वार्ड बरगवां में नगर निगम की लापरवाही और अवैध अतिक्रमण के कारण स्थानीय नागरिक गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अंग्रेजी शराब दुकान के समीप किए गए अतिक्रमण तथा अधूरे नाला निर्माण कार्य के चलते क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि शिकायतों के बाद नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा जरूर, लेकिन स्थायी समाधान करने के बजाय केवल औपचारिक कार्रवाई कर वापस लौट गया। नाले की आंशिक खुदाई कर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके कारण नाला बंद हो गया और गंदा पानी गलियों में जमा होने लगा है। जलभराव और गंदगी से क्षेत्र में बदबू फैल रही है तथा लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि शराब दुकान के आसपास बढ़ते अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में गंदगी लगातार बढ़ रही है। प्लास्टिक बोतलें, पन्नियां और अन्य कचरा खुले में फेंके जाने से वार्ड की स्वच्छता व्यवस्था चरमरा गई है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बनी हुई है।
वार्डवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया गया। नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से अतिक्रमण हटाने और नाले का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।
रहवासियों ने कहा कि यदि मानसून से पूर्व समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। नागरिकों ने प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
खबरों के लिए सम्पर्क :8989601972,
9977535212

Post a Comment