नगर निगम के बाहर सफाई कर्मचारियों का धरना, ठप हुई शहर की सफाई व्यवस्था 70 आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने के विरोध में आंदोलन तेज, आयुक्त से मुलाकात न होने पर बढ़ा आक्रोश


  नगर निगम के बाहर सफाई कर्मचारियों का धरना, ठप हुई शहर की सफाई व्यवस्था

70 आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने के विरोध में आंदोलन तेज, आयुक्त से मुलाकात न होने पर बढ़ा आक्रोश



कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । नगर निगम कटनी में 70 आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों को कार्य से अलग किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई और कई क्षेत्रों में कचरा उठाने का कार्य बाधित रहा।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि सोमवार को वे दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक नगर निगम आयुक्त से मिलने के लिए कार्यालय परिसर में इंतजार करते रहे, लेकिन आयुक्त उनसे मिले बिना ही चले गए। इससे कर्मचारियों में नाराजगी और बढ़ गई।

बताया जा रहा है कि लगभग एक सप्ताह पूर्व भी सफाई कर्मचारी संगठन (मूल निवासी )ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में हड़ताल और आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं होने के बाद कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।

धरने के चलते शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। जगह-जगह कचरा उठाव प्रभावित होने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर नगर निगम प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच गतिरोध लगातार गहराता दिखाई दे रहा है।

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि नगर निगम प्रशासन और कर्मचारी संगठन के बीच वार्ता कब होती है और यह आंदोलन कितने दिनों तक जारी रहता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post