कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलनगर में युवक की हत्या के बाद अब बरगवां क्षेत्र में देर रात काम से घर लौट रहे एक युवक पर चार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। लगातार दूसरी बड़ी वारदात ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बरगवां निवासी अनुराग दुबे उर्फ भूरा जुलहा, जो युवा आस्था प्लाजा में कार्यरत है, सोमवार रात करीब 10 बजे ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद चार युवकों ने उसे रोक लिया। घायल अनुराग का आरोप है कि आयुष गर्ग, आंशू बड़गैया और उनके दो अन्य साथियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और बिना किसी चेतावनी के चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल अनुराग को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में यह 24 घंटे के भीतर चाकूबाजी की दूसरी बड़ी वारदात है। इससे एक दिन पहले ही मंगलनगर में मामूली विवाद के बाद एक 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना के बाद भी अपराधियों के हौसले कम नहीं हुए और अब एक और जानलेवा हमला सामने आ गया।
लगातार हो रही खूनी घटनाओं से बरगवां और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Post a Comment