कटनी स्टेशन पर रेलवे का बड़ा एक्शन, अवैध वेंडरों से सामान जब्त, आरपीएफ के हवाले किए गए आरोपी


 

कटनी रेलवे स्टेशन पर चला सख्त अभियान, अवैध वेंडरों पर कसा शिकंजा

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और खान-पान व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्टेशन के प्लेटफॉर्म और परिसर में अवैध रूप से सामान बेचने वाले वेंडरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रेलवे अधिकारियों की संयुक्त टीम ने स्टेशन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और बिना अनुमति कारोबार कर रहे कई वेंडरों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान अवैध रूप से बेची जा रही सामग्री को जब्त कर लिया गया।

कार्रवाई में रेलवे प्रशासन के अधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान का नेतृत्व सीसीआई श्री नावेद, एसएमसी श्री एच.के. शुक्ला एवं सीएचआई श्री बलवेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में किया गया। अधिकारियों ने प्लेटफॉर्मों पर घूम-घूमकर स्थिति का जायजा लिया और नियमों का उल्लंघन करने वालों को पकड़कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, जब्त किए गए सामान को सुरक्षित रूप से पार्सल कार्यालय में जमा कराया गया है, जबकि पकड़े गए अवैध वेंडरों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द कर दिया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे परिसर में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की वेंडिंग गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने और स्टेशन परिसर को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे।




Post a Comment

Previous Post Next Post