कटनी के चांडक चौक पर ट्रैफिक कर्मी और वाहन चालक में छीनाझपटी, कागजात को लेकर बढ़ा विवाद, कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर के व्यस्त चांडक चौक चेकिंग पॉइंट पर शुक्रवार दोपहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब नो-एंट्री में प्रवेश करने वाले एक वाहन चालक और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी के बीच वाहन के दस्तावेजों को लेकर छीनाझपटी हो गई। पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के अनुसार, नो-एंट्री का उल्लंघन करने पर वाहन को चांडक चौक पर रोका गया। ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने वाहन के दस्तावेज जांच के लिए अपने पास रख लिए। इस दौरान वाहन चालक बार-बार चालान काटने की बात कहता रहा, लेकिन मौके पर चालान मशीन और अधिकृत अधिकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण चालान नहीं बनाया जा सका।
इसी बीच दस्तावेज वापस लेने को लेकर वाहन चालक और ट्रैफिक पुलिस कर्मी के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच कागजात को लेकर छीनाझपटी की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद वाहन चालक बिना दस्तावेज लिए ही वहां से चला गया।
घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने मामले की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक कर्मी से पूरे घटनाक्रम के संबंध में लिखित आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद चेकिंग व्यवस्था और मौके पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment