गजानन कॉम्प्लेक्स के पास नसरवन बाड़ा में अवैध निर्माण पर दोपहर 12 बजे कार्रवाई, बचाने में जुटे आधा दर्जन पार्षद, एक MIC सदस्य व बड़े नेताओं की सक्रियता चर्चा में
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी
। शहर के गुरुनानक वार्ड क्रमांक-22 स्थित गजानन कॉम्प्लेक्स के समीप नसरवन बाड़ा में बिना स्वीकृत नक्शे और वैधानिक अनुमति के किए गए अवैध निर्माण पर बुधवार दोपहर नगर निगम का बुलडोजर चलने जा रहा है। निगम के कार्यपालन यंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भेजकर ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
नगर निगम की प्रस्तावित कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। चर्चा है कि अवैध निर्माण को बचाने के लिए आधा दर्जन पार्षद, एक एमआईसी सदस्य, एक पार्षद पति तथा कुछ प्रभावशाली राजनीतिक चेहरे सक्रिय हो गए हैं। बताया जा रहा है कि कार्रवाई टालने के लिए निगम अधिकारियों पर लगातार दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर निगम ने कोतवाली थाना प्रभारी से पर्याप्त महिला एवं पुरुष पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। वहीं, एसडीएम से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति भी मांगी गई है। कार्रवाई के लिए दो जेसीबी, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली, 10 श्रमिक, अतिक्रमण प्रभारी मनेन्द्र सिंह का उड़नदस्ता तथा क्षेत्रीय उपयंत्री रवि हनोते अपने अमले के साथ मौके पर तैनात रहेंगे।
निगम के अनुसार करीब 20,400 वर्गफुट भूमि पर किए गए निर्माण विवादित हैं। जानकारी के मुताबिक इस भूमि को बिना सड़क, पार्किंग और अन्य आवश्यक वैधानिक प्रावधान पूरे किए 32 लोगों को बेच दिया गया था। वर्ष 2012 में खरीदे गए इन भूखंडों का नक्शा आज तक स्वीकृत नहीं हो सका, क्योंकि नियमानुसार आवश्यक शर्तें पूरी नहीं की गई थीं।
ध्वस्तीकरण की जद में गोवर्धन संगतानी, राजेश चंदनानी, गुड्डू गुप्ता, नीरज गुप्ता, विजय भाटीजा, ज्योति भाटीजा एवं प्रकाश भाटीजा सहित अन्य निर्माणकर्ता बताए जा रहे हैं।
नगर निगम के तय कार्यक्रम के अनुसार 22 जुलाई को दोपहर 12 बजे से ध्वस्तीकरण अभियान शुरू होगा। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राजनीतिक दबाव के बीच प्रशासन अपने निर्णय पर कितना अडिग रहता है और अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई किस स्तर तक पहुंचती है।

Post a Comment