सावन में सूना हुआ बजरंगबली का दरबार, देवरा कला मंदिर से 1 किलो चांदी का मुकुट चोरी
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । सावन माह की शुरुआत के साथ ही आस्था के केंद्र पर हुई चोरी की घटना ने ग्रामीणों को झकझोर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा कला के बढ़गैया मोहल्ला स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए भगवान हनुमान का करीब एक किलोग्राम वजनी चांदी का मुकुट पार कर दिया। वारदात के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है।
मंगलवार तड़के चोर मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और प्रतिमा पर विराजमान चांदी का मुकुट लेकर फरार हो गए। सुबह जब पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो टूटा ताला और मुकुट गायब देखकर स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंच गए और घटना पर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि सावन जैसे पवित्र महीने में मंदिर को निशाना बनाना केवल चोरी नहीं, बल्कि लोगों की धार्मिक आस्था पर भी चोट है। चोरी गए मुकुट का वजन करीब एक किलोग्राम बताया जा रहा है, जिसकी कीमत हजारों रुपये आंकी गई है।
घटना की सूचना मिलने पर विजयराघवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मंदिर समिति और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई तथा अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी गया मुकुट बरामद करने की मांग की है।

Post a Comment